रिपोर्ट मनप्रीत सिंह
नगरपालिका निगम जगदलपुर के द्वारा संपत्तिकर की वसूली के लिए बड़े बकायादारों की सूची बनाकर निगम के द्वारा बकायदा समाचार पत्र में विगत दिनों प्रकाशित करवा दिया गया था। जिसके बाद एक नाम नेमीचंद खेमीचंद नहटा जिसका निगम के बकायादारों की सूची क्रमांक 11 में उल्लेखित कर संपत्ति कर की बकाया राशि 01 लाख 32 हजार 818 रूपए का समाचार पत्रों एवं सोशल मीडिया में प्रसारित किया गया। नेमीचंद खेमीचंद नहटा के द्वारा अपना नाम निगम के बकाया सूची के प्रकाशन को देखने के बाद निगम पहुंचकर दस्तावेजों का अवलोकन करने के पश्चात उक्त नाम और उक्त राशि दोनों ही निगम के दस्तावेज में नहीं पाए गए। जबकि नेमीचंद खेमीचंद नहटा की संपत्ति कर की कुल राशि 17 हजार 239 रूपए जिसे उन्होंने पहले ही निगम को भुगतान कर दिया है।
निगम ने कोई संपत्तिकर बकाया नहीं होने के बावजूद बड़ा बकायादार बनाकर समाचार पत्रों में प्रकाशित करने से प्रार्थी ने अपने आवेदन में कहा है कि उसके सामाजिक मान सम्मान एवं ख्याति को क्षति पहुंची है। जिसके लिए निगम अपनी गलती स्वीकार करते हुए संशोधित सूची का प्रकाशन कर इस संबंध में लोगों को अवगत कराये, जिससे प्रार्थी का सम्मान वापस बहाल हो सके। निगम आयुक्त अरविंद एक्का से इस संबंध में पुछे जाने पर उन्होंने कहा कि इस प्रकार का आवेदन मेरे संज्ञान में नहीं आया है। आवेदन देखने के बाद ही यह बताया जा सकता है कि आखिर क्या मामला है और इस पर क्या किया जायेगा।