रिपोर्ट मनप्रीत सिंह
रायपुर छत्तीसगढ़ विशेष : कोरोनावायरस के संक्रमण से पूरी दुनिया जूझ रही है. फिलीपींस में लॉकडाउन का उल्लंघन करने की वजह से पुलिस ने एक शख्स को गोली मार दी. बताया जा रहा है कि 63 साल के शख्स ने चेकपाइंट पर पुलिस के रोके जाने पर न सिर्फ धमकी दी बल्कि पुलिसकर्मियों और स्वास्थकर्मियों पर हमला भी कर दिया. जिस वजह से पुलिस ने आरोपी शख्स पर गोली चला दी और उसकी मौत हो गई.
स्थानीय रिपोर्ट के मुताबिक नशे में धुत एक शख्स लॉकडाउन के दौरान हाथ में खुलेआम दराती लेकर घूम रहा था. अगुसान के डेल नॉर्टे के दक्षिणी प्रांत के नासीपिट शहर में एक चेकपाइंट पर जब उसे रोका गया तो वो गाली-गलौज करने लगा. गांव के स्वास्थकर्मियों ने उसे मास्क नहीं पहनने पर टोका तो उसने गुस्से में स्वास्थकर्मी पर हमला कर दिया जिस वजह से पुलिस ने उसे गोली मार दी .
राष्ट्रपति ने दिया है गोली मारने के आदेश
दरअसल, फिलीपींस में कोरोनायरस से हालात लगातार खराब होते जा रहे हैं. अब तक 3 हज़ार से ज्यादा लोग कोरोनावायरस से संक्रमित हो चुके हैं जबकि 150 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है. ऐसे में लॉकडाउन ही ऐसा विकल्प है जिससे संक्रमण को फैलने से रोका जाए. तभी राष्ट्रपति डुटेर्टे ने जनता से अपील की कि वो लॉकडाउन का गंभीरता से पालन करें. साथ ही उन्होंने सेना और पुलिस को भी ये लाइसेंस दे दिया कि अगर उनकी ज़िंदगी पर कोई खतरा मंडराता है तो वो गोली चलाने के लिए स्वतंत्र हैं. ऐसी स्थिति में फिलीपींस में लॉकडाउन के वक्त किसी को गोली मारने का ये पहला मामला सामने आया है.